भारत के हिमांशु राणा (101) की शतकीय पारी पर इंग्लैंड के डेलरे रॉवलिंस (107) का नाबाद शतक भारी पड़ा।
जिसकी वजह से भारतीय अंडर-19 टीम को पांच मैचों की यूथ वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में सोमवार को इंग्लैंड के हाथों 23 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता पाकर निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 42.5 ओवर में 233 रनों पर ही ढेर हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को पृथ्वी शॉ (9) के रूप में 32 के कुल स्कोर पहला झटका लगा। शुभम गिल (29) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक राणा का साथ नहीं दे सके और 78 के कुल स्कोर पर आउट हो गए।
यहां से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रह। सलामी बल्लेबाज राणा एक छोर पर खड़े रहे, लेकिन दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज उनके साथ विकेट पर टिक नहीं सका।
राणा ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 87 गेंदों का सामना कर 12 चौके और एक छक्का जड़ा। वह 198 के कुल स्कोर पर पैवेलियन लौटे।
अंत में हेत पटेल (27) और नागरकोटी ने (37) रनों का योगदान दिया, लेकिन वह टीम को जीत की दहलीज पर नहीं पहुंचा सके इंग्लैंड की तरफ से कप्तान मैथ्यू फिशर ने सर्वाधिक चार विकेट झटके।
इससे पहले इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। उसने 13 रन पर ही अपने तीन शीर्ष विकेट खो दिए। इसके बाद हैरी ब्रुक (51) ने काइले पोप (37) के साथ चौथे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर स्कोर 98 रन तक पहुंचाया। पोप इस स्कोर पर आउट हुए।
उनके बाद मैदान पर उतरे रॉवलिंस ने नाबाद शतकीय पारी खेलने के साथ ही कप्तान फिशर (26) के साथ सातवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी कर स्कोर 250 के करीब पहुंचाया।
रॉवलिंस ने अपनी पारी में 88 गेंदों का सामना कर आठ चौके और पांच छक्के जड़े। भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा और कमलेश नागरकोटी ने दो-दो विकेट लिए।