पाकिस्तान ने किया दावा भारत ऐसा गोपनीय परमाणु शहर बना रहा जहां परमाणु हथियारों का भारी जखीरा रखा जाएगा

पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत ऐसा गोपनीय परमाणु शहर बना रहा है जहां पर उसके परमाणु हथियारों का भारी जखीरा रखा जाएगा। यह गोपनीय शहर अति सुरक्षित होगा और इसे हर तरह के हमले से बचाने के इंतजाम होंगे।
पाकिस्तान ने इस निर्माण को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा करार दिया। साथ ही कहा, भारत द्वारा हाल ही में किये गए लंबी दूरी की मिसाइल के परीक्षण से क्षेत्र में शक्ति का संतुलन बिगड़ गया है।
पाकिस्तानी विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा, रक्षा के क्षेत्र में भारत की कोशिश चिंता में डालने वाली है। अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को भारत को परंपरागत और गैर परंपरागत हथियारों का भंडार तेजी से बढ़ाने से रोकना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान को अलग-थलग करने का भारतीय अभियान असफल रहा है। नियंत्रण रेखा पर शांति स्थापित करने के पाकिस्तान के प्रयासों का भारत को भी सकारात्मक जवाब देना चाहिए। पाकिस्तान भारत सहित अपने सभी पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण और मित्रता वाले संबंध रखने का पक्षधर है।
वह इसके लिए बातचीत करना चाहता है लेकिन भारत सकारात्मक जवाब नहीं दे रहा। भारत का यह रुख हतोत्साहित करने वाला है। प्रवक्ता ने भारत पर नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का लगातार उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
साथ ही कहा कि वह आतंकी संगठनों को धन मुहैया कराकर पाकिस्तान में अशांति भी पैदा कर रहा है। भारत के इस रुख से क्षेत्र की शांति और स्थिरता को खतरा पैदा हो गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर ध्यान देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *