उत्तर कोरिया ने साफ कर दिया कि रविवार को उसका बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण रहा और इस सफलता के लिए पूरा देश झूम रहा है। वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि पर राष्ट्र के नेता किम जोंग उन ने खुशी जतायी है। यह जानकारी उत्तर कोरिया की समाचार एजेंसी के सीएनए ने दी है।
उत्तर कोरिया की इस स्वीकारोक्ति के बाद अमेरिका ने अविलंब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है। यह मिसाइल रविवार को पश्चिमी शहर कुसोंग से छोड़ी गई थी जो पांच सौ किलोमीटर का सफर तय करके जापान सागर में जाकर गिरी थी।
केसीएनए ने इस परीक्षण की तस्वीर जारी की है। तस्वीरों में मिसाइल को आकाश में जाते हुए और किम जोंग उन को कमांड सेंटर में खड़े होकर मुस्कराते हुए दिखाया गया है। इस दौरान किम के आसपास दर्जनों सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक भी खुशी व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं।
समाचार एजेंसी के अनुसार किम जोंग उन ने खुद मिसाइल टेस्ट की तैयारियों का दिशा निर्देशन किया। उत्तर कोरिया ने सतह से सतह पर मार करने वाली मध्यम दूरी की मिसाइल बताते हुए इसे पुकगुकसोंग-2 का नाम दिया है। मिसाइल ठोस ईंधन वाले इंजन पर आधारित है।
उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि उसने अंतर महाद्वीपीय मिसाइल (आइसीबीएम) तैयार कर ली है लेकिन वह इसका परीक्षण नहीं करेगा। सियोल के इंस्टीट्यूट फॉर फॉरेन अफेयर्स एंड सिक्यूरिटी ने कहा है कि यह परीक्षण उत्तर कोरिया के विरोधियों के लिए बड़ी धमकी जैसा है।
उत्तर कोरिया के ताजा सफल परीक्षण के बाद अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई है, जिसमें उत्तर कोरिया के खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर परमाणु बम और बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण के लिए प्रतिबंध लगा रखा है।