भारत ने बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप में जीत के साथ किया आगाज

भारत ने यहां बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप में अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया। उसने सिंगापुर को 4-1 से शिकस्त दी।
प्रणव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी मिश्रित युगल के मुकाबले में योंग केइ टेरी ही और वेइ हान तान की जोड़ी से 21-23, 17-21 से हार गए। इसके बाद समीर वर्मा ने पुरुष एकल में केन येव लोह को 21-9, 21-16 से हराकर भारत की वापसी कराई।
पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी ने डेनी बावा क्रिस्नांता और हेंड्रा विजाया को 21-12, 21-17 से मात दी। रितुपर्णा दास ने महिला एकल में शियायू लियांग को 23-21, 21-18 से हराया।
महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने रेन-नी आंग और जिआ यिंग क्रिस्टल वोंग की जोड़ी को 19-21, 21-17, 21-17 से धूल चटाई। भारत अगले दौर में कोरिया से भिड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *