भारत के राजदूत नवतेज सरना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की

अमेरिका में भारतीय इंजीनियर की हत्या सनसनीखेज हत्या के बीच भारत के राजदूत नवतेज सरना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की है। ट्रंप के 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात है। ट्रंप ने शनिवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में सरना समेत सभी नए विदेशी राजदूतों से मुलाकात की।
राष्ट्रपति ने इन सभी के साथ फोटो भी खिंचवाई। सरना की ट्रंप से ऐसे समय मुलाकात हुई जब दो दिन पहले ही कंसास शहर में नस्ली घटना में श्रीनिवास कुचीभोटला को गोली मार दी गई थी। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी, जबकि उनका साथी आलोक मदासानी घायल हो गया।
इस घटना ने भारत समेत अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को स्तब्ध कर दिया था। सरना भारतीय विदेश सेवा के 1980 बैच के अधिकारी हैं। वह पिछले साल आठ नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिन पहले ही अमेरिका पहुंचे थे। अमेरिका पहुंचने से लेकर अब तक उन्होंने कई शीर्ष अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की और थिंक टैंकों के साथ बातचीत की।
उन्होंने भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद कायम किया। सरना ने शनिवार को नेशनल गवर्नर एसोसिएशन के लिए स्वागत समारोह की मेजबानी की। इसमें 25 राज्यों के गवर्नर शामिल हुए थे। 2002 से 2008 तक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रहे सरना इससे पहले इजरायल में भारत के राजदूत रह चुके हैं। वह ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *