वामपंथी छात्र संगठनों के जवाब में बृहस्पतिवार को एबीवीपी ने भी नॉर्थ कैंपस में सेव डीयू मार्च निकाला। इसमें दिल्ली विश्वविद्यालय समेत कई विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
दिल्ली के बाहर के छात्र भी शामिल हुए। मार्च के दौरान कैंपस भारत माता की जय और वंदे मातरम से गूंज रहा था। पुलिस ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
कैंपस में पश्चिम बंगाल, केरल सहित अन्य राज्यों में लोगों की निर्मम हत्या के विचलित कर देने वाले पोस्टर लगाए गए थे।
छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन का निकासी गेट बंद करना पड़ा। एबीवीपी समर्थकों ने मेट्रो स्टेशन के अंदर भी नारेबाजी की। मार्च में चार हजार से अधिक छात्र शामिल हुए।
करीब एक बजे एबीवीपी के कई बड़े नेताओं के नेतृत्व में छात्र हाथ में तिरंगा और पोस्टर लिए वामपंथ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
खालसा कॉलेज से मिरांडा हाउस, श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दौलतराम कॉलेज होते हुए मार्च जैसे ही रामजस कॉलेज पहुंचा छात्रों ने बुलंद आवाज में वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए।
यहां से मार्च लॉ फैकल्टी होते हुए आर्ट फैकल्टी में विवेकानंद की मूर्ति के पास करीब दो बजे समाप्त हुआ।