भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में ब्लास्ट करने वाले आतंकी स्टेशन पर कहां घूमे और क्या किया, यह जानने एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की एक टीम दो बार भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंची चुकी है। जहां पर टीम में शामिल अधिकारियों ने आतंकियों के बताने के आधार पर उन पाइंटों को देखा है जहां आतंकी पुष्पक एक्सप्रेस से उतरने के बाद से लेकर भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के पहले तक घूमे हैं।
सूत्रों के मुताबिक एनआईए की टीम घटना वाले दिन स्टेशन पर आतंकियों की प्रत्येक गतिविधियों की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रेन में ब्लास्ट के अलावा आतंकियों के और क्या इरादे थे और उन्होंने एक ट्रेन से उतरने के बाद दूसरी ट्रेन में चढ़ने के बीच मिले समय में क्या किया।
जांच एजेंसियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि आतंकी घटना वाले दिन पुष्पक एक्सप्रेस से सुबह 6:33 बजे भोपाल स्टेशन पहुंचे थे। इस ट्रेन के पहुंचने के 1 घंटे 38 मिनट बाद सुबह 8:10 बजे भोपाल-उज्जैन पैसेंजर प्लेटफार्म-6 से रवाना हुई थी। तब तक आतंकी प्लेटफार्म-2 से लेकर 6 के बीच घूमते रहे। सूत्रों के मुताबिक एनआईए की टीम यह साक्ष्य जुटा रही है कि आतंकियों ने रेलवे स्टेशन पर 1 घंटे 38 मिनट में क्या किया और कहां घूमे।
एनआईए ने एटीएस से जांच डायरी लेने के बाद सोमवार को इंदौर से भोपाल-उज्जैन पैसेंजर के उस कोच को भी अपने कब्जे में ले लिया है जिसमें 7 मार्च को सुबह विस्फोट हुआ था। एनआईए की फोरेंसिक टीम ने कोच की जांच भी की है। रेलवे ने विस्फोट के बाद प्रभावित कोच को गार्ड डिब्बा सहित इंदौर शिफ्ट कर दिया था।