उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक चौंकाने वाले मामले में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़का हिंदू है और लड़की दूसरे धर्म की है और दोनों ही नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि जौनपुर जिले के सिकरारा पुलिस थाने में दोनों के शव एक पेड़ से लटके हुए मिले।
पुलिस को संदेह है कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे और उन्हें लगा होगा कि उनके परिवार उन्हें स्वीकार नहीं करेंगे, तो उन्होंने आत्महत्या कर ली। दोनोंन कक्षा 11 और 9 के स्टूडेंट थे, जो अलग स्कूलों में पढ़ते थे। हालांकि, वे दुडौली गांव के एक ही इलाके में रहते थे। पुलिस ने बताया कि वे लगभग छह महीने पहले भाग गए थे, लेकिन परिवारों ने उनका पता लगाया और उन्हें वापस ले आए थे।
सिकरारा स्टेशन के अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि दोनों ने शनिवार रात को अपना घर छोड़ दिया था। मगर, उनके परिवार के सदस्यों को उनके न होने की जानकारी रविवार सुबह तक नहीं थी। ग्रामीणों ने रविवार की सुबह गांव के कब्रिस्तान में दोनों के शवों को एक पेड़ से लटका पाया, तब जाकर उनके परिजनों को घटना के बारे में पता चला।
पांडे ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला दिखता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में आगे कोई टिप्पणी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को कोई सुसाइट नोट नहीं मिला और परिवार के सदस्यों ने भी कोई संदेह नहीं उठाया है।