ऑनलाइन लाइक्स के नाम पर एक और कंपनी ने लाखों की ठगी कर डाली। सोशलकॉज डॉट इन नाम से यह कंपनी सेक्टर 62 के कोरंथम बिल्डिंग में चल रही थी। इसमें सैकड़ों लोगों ने लाखों रुपए निवेश किए। उन्हें सात रुपए प्रति लाइक के हिसाब से पैसे देने का झांसा दिया गया था।
अनुभव मित्तल का मामला सामने आने के बाद लोगों ने कंपनी संचालकों से रुपए लौटाने की मांग की। आरोप है कि इसके बाद संचालकों ने जान से मारने की धमकी दी। फिर वेबसाइट और कंपनी बंदकर फरार हो गए हैं।
अब तक 115 पीड़ित सामने आ चुके हैं। उनसे 75 लाख की ठगी हुई है। आशंका है कि सैकड़ों लोगों से कंपनी ने करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। कुछ पीड़ितों ने शनिवार को एसएसपी से मामले की शिकायत की है।
56 हजार निवेश पर प्रतिदिन 70 लाइक का मिलता था प्लान
मोदीनगर निवासी महिला मनीषा ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली में पढ़ाई करता है। वह भी उसी के साथ रहती हैं। उसके बेटे के दोस्त के मामा गाजियाबाद में रहते हैं। उनके साथ मिलकर लाइक के कारोबार में 56 हजार रुपए जमा करा दिए।
मनीषा से वादा किया गया कि एक दिन में सात रुपए के हिसाब से 70 लाइक पर उनको 490 रुपए मिलेंगे। कुछ दिन तक उनके खाते में रोजाना रुपए आए भी। इसके बाद मनीषा ने अपने कुछ रिश्तेदारों को भी इस स्कीम में शामिल कर लिया।
एक फरवरी को एसटीएफ ने एब्लेज के मालिक अनुभव मित्तल को गिरफ्तार कर ऑनलाइन लाइक के नाम पर 37 अरब रुपए की ठगी का पर्दाफाश किया।
इससे मनीषा ने कंपनी से पैसे की मांग की। अब उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। एसएसपी धर्मेंद्र सिह का कहना है कि मामले की जांच एसटीएफ कर रही है।