मानवीय संवेदनाओं और राष्ट्र सेवी युवाओं का निर्माण एन.सी.सी. का दायित्व राजभवन में गणतंत्र दिवस परेड के प्रतिभागियों का हुआ स्वागत समारोह
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि एन.सी.सी. सिर्फ ट्रेनिंग नहीं है। मानवीय संवेदनाओं से भरे हुए, राष्ट्र के प्रति समर्पित युवाओं के निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिसका उद्देश्य राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग, अनुशासन में रहते हुए एकता की भावना का विकास करना है। उन्होंने कैडेट्स का आव्हान किया है कि भावी जीवन में एन.सी.सी. में मिले राष्ट्र, समाज की निस्वार्थ सेवा और संकल्प के संस्कारों के ब्रांड एम्बेसेडर के रूप में समाज में अपनी पहचान कायम करें। राज्यपाल श्री पटेल राजभवन के सांदीपनि सभागार में गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभागी एन.सी.सी. कैडेट्स के स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह में एन.सी.सी. कैडेट्स को पुरस्कृत भी किया। राज्यपाल के समक्ष कैडेट्स ने समूह नृत्य, गायन, काव्य पाठ की प्रस्तुतियों के साथ गणतंत्र दिवस शिविर के अनुभवों को साझा किया।