श्रमिकों के कल्याण के लिये पूर्ण समर्पण एवं संवेदनशील होकर कार्य करें श्रम मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने विभागीय अधिकारियों को दिये दिशा-निर्देश श्रमायुक्त कार्यालय का किया निरीक्षण
श्रम मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने कहा है कि प्रदेश में श्रमिकों के हितों की चिंता की जाये। उनके कल्याण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। श्रमिकों के कल्याण के लिये संवेदनशील होकर सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्य करें। प्रदेश में श्रम कानूनों/अधिनियमों का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितार्थ संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की व्यापक रूप से जन-जागरूकता लायी जाये, जिससे कि सभी पात्र श्रमिकों तक योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ सरलता से पहुंच सके। श्रम मंत्री श्री प्रहलाद पटेल श्रमायुक्त कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात आयोजित बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। मंत्री श्री पटेल ने श्रम पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। पोर्टल को और अधिक अद्यतन करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रवासी श्रमिक, संविदा श्रमिक, मोटर यातायात श्रमिकों सहित संगठित एवं असगंठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिये विशेष प्रयास किये जाने के निर्देश भी दिये।