केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का नई दिल्ली में आज सुबह निधन हो गया। वे ६४ वर्ष के थे। हवाई अड्डे जाते समय सड़क दुर्घटना के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। पृथ्वीराज मार्ग-तुगलक रोड़ चौराहे के पास एक दूसरे वाहन ने उनकी गाडी को टक्कर मार दी। दुर्घटना के तुरंत बाद श्री मुंडे को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। एम्स के प्रवक्ता ने संवाददाताओं को बताया कि हर संभव प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह ७ बजकर २० मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जब उनको एमरजेंसी डिपार्टमेंट में लाया गया तो उनका कोई ब्लड प्रेशर नहीं था। उनकी सांस नहीं चल रही थी और उनकी हृदयगति भी रूकी हुई थी। चिकित्सा पद्धति के अनुसार उनको कार्डियो पुलमिनरी रिसस्टेशन या उनको रिवाइव कराने की पूरी कोशिश की गई किंतु पचास मिनट के गहन रिवाइवन की कोशिश के बाद भी उनको रिवाइवल नहीं किया जा सका और सात बजकर बीस मिनट पर उनको मृत घोषित किया गया।