हॉलैंड के हेग में विश्वकप हॉकी टूर्नामेंट में कल भारत, इंग्लैंड से १-२ से हार गया। मार्क ग्लेर्घो ने २७वें मिनट में गोल कर इंग्लैंड को बढ़त दिलाई। लेकिन, तीन मिनट बाद ही धर्मवीर सिंह ने गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया। खेल के अंतिम मिनट में भारत की कमजोर रक्षापंक्ति का फायदा उठाते हुए सायमन मैंटेल ने ६९वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। पहले बेल्जियम और अब इंग्लैंड के हाथों हार के साथ भारत की विश्वकप में बने रहने की संभावनाएं काफी कमजोर पड़ गई हैं। उधर, भारत की सानिया मिर्जा और जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक आज फ्रैंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला डबल्स क्वार्टर फाइनल में ताइपे की सु वेई सीह और चीन की शुआई पेंग से खेलेंगी। प्री-क्वार्टर फाइनल में सानिया और कारा ने सर्बिया की येलेना यांकोविच और रूस की एलिसा क्लेबानोवा को हराया था, जबकि सु वेई और शुआई पेंग ने अमरीका की लिज+ेल ह्युबर और लीज+ा रेमंड को पराजित कर अंतिम आठ में जगह बनाई।