भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हजारीबाग से पूर्व सांसद यशवंत सिन्हा को १४ दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हजारीबाग में बार बार बिजली कटौती का विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखण्ड राज्य विद्युत बोर्ड के महाप्रबंधक के साथ हाथापाई की। महाप्रबंधक ने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर आज हजारीबाग की एक अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में पेश होने पर श्री यशवंत सिन्हा ने जमानत की अर्जी देने से इन्कार कर दिया और उन्हें पचास अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ १४ दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।