स्कूल चलें हम अभियान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शिक्षित मध्यप्रदेश बनाने के संकल्प के साथ समाज के सभी वर्गों से अपील कर रहे हैं। उन्होंने आज से प्रदेश के शिक्षकों से दूरभाष-मोबाइल पर सम्पर्क प्रारंभ किया है। मुख्यमंत्री का संदेश प्रतिदिन लगभग 25 से 30 हजार शिक्षकों तक पहुँचेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्कूल चलें हम अभियान के तहत शिक्षकों को करीब 5 मिनट का संदेश दिया है। श्री चौहान ने शिक्षकों को मित्र बताते हुए कहा है कि शिक्षकों के काम को नौकरी नहीं कहा जा सकता। आप भावी भारत के निर्माता और पीढ़ियों का भविष्य बनाने वाले हैं। शिक्षक जितनी लगन और कर्मठता के साथ काम करेंगे, आने वाले वर्षों में वैसा ही देश और प्रदेश का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से कहा है कि आज हमें संकल्प करना है कि शिक्षा के क्षेत्र में हम पीछे नहीं रहेंगे। हम देश के अग्रणी राज्य में शुमार होंगे, इसलिये आपको परिश्रम की पराकाष्ठा करना होगी। उन्होंने कहा है कि शिक्षक नियमित स्कूल जायें, पूरे समय स्कूल में मौजूद रहकर मेहनत से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने स्कूल चलें हम अभियान में शिक्षकों से समाज के सभी वर्गों का साथ लेने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *