उत्तर प्रदेश में मंगलवार की रात हमीरपुर जिले के एक थाने में तीन पुलिसकर्मियों ने एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म किया। इनमें एक सब-इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल शामिल हैं। महिला थाने में अपने पति की गिरफ्तारी का कारण जानने गई थी। इस मामले का पता उस समय चला जब पीड़िता हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक के पास गई और उसके साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर राहुल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है और फरार दो कांस्टेबलों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक वी के शेखर ने बताया कि सुमेरपुर थाने में पुलिसकर्मियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की गई है और शेष दो अपराधियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।