उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बी.एल. जोशी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। राज्य के प्रधान सूचना सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि उन्होंने श्री जोशी का त्यागपत्र राष्ट्रपति के पास भेज दिया है।
श्री जोशी दूसरे कार्यकाल में प्रदेश के राज्यपाल पद पर सेवारत थे। पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के शासनकाल में कुछ राज्यों के राज्यपालों को केन्द्र द्वारा हटाए जाने की ख़बरों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा था कि राज्यपालों को स्वयं त्यागपत्र दे देना चाहिए। इस बीच, कांग्रेस ने इस पहल को राजनीति से प्रेरित बताया। एक निजी टेलीविजन चैनल से बातचीत में कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने कहा कि राज्यपाल एक निश्चित अवधि के लिए नियुक्त किए जाते हैं और उन्हें अपना कार्यकाल पूरा करने की अनुमति होनी चाहिए।