लम्बे अरसे से खस्ता हाल मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों की दशा सुधारने की दिशा में आज दिल्ली में केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, लोक निर्माण मंत्री श्री
सरताज सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव के साथ एक मैराथन बैठक में ठोस कदम उठाने संबंधी निर्णय लिये। केन्द्रीय श्रम मंत्री एवं ग्वालियर मध्यप्रदेश के सांसद श्री नरेन्द्र सिंह तोमर बैठक में विशेष रूप से मौजूद थे। इस लम्बी बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष सहित केन्द्र और राज्य के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों में लगी निर्माण कम्पनियों के नुमाइन्दे भी उपस्थित थे।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एक-एक कर 9 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इन सड़कों की मरम्मत पर अपनी तरफ से अब तक 290 करोड़ रुपये व्यय कर चुकी है। उन्होंने इसकी भरपाई केन्द्र से करने का आग्रह किया। बैठक में भोपाल-साँची, ग्वालियर-शिवपुरी, ओबेदुल्लागंज-बैतूल, इंदौर-देवास, खजुराहो-झाँसी, शिवपुरी-देवास, जबलपुर-लखनादौन, रीवा-कटनी-जबलपुर, सीधी-सिंगरौली, शहडोल-कटनी, जबलपुर-मण्डला-चिल्पी, रीवा-सीधी, (एन.एच.75) तथा इंदौर से मध्यप्रदेश को गुजरात से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के लंबित निर्माण कार्यों की सूक्ष्म समीक्षा की गई और निर्माण में आ रहे अवरोधों के निराकरण के व्यावहारिक हल भी सुझाये गये।