चीन ने धमकी दी है कि अगर यूरोपीय संघ मोबाइल फोन उपकरण बनाने वाली चीनी कम्पनियों के कथित स्पर्धा विरोधी व्यवहार की औपचारिक तौर पर जांच शुरू करता है तो वह भी बदले की कार्रवाई करेगा। यूरोपीय संघ ने इस सप्ताह के शुरू में चेतावनी दी थी कि अगर दोनों पक्षों के बीच बातचीत विफल हो जाती है तो वह इन दावों की जांच कर सकता है कि चीनी दूरसंचार कम्पनियों को सबसिडी दी गई, जिससे उन्होंने सस्ते उपकरणों के साथ बाजार पर कब्ज+ा कर लिया। चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता शेन डान्यांग ने कल कहा कि चीनी कम्पनियों की यूरोपीय संघ के बाजारों में जितनी हिस्सेदारी है उससे कहीं ज्यादा हिस्सेदारी यूरोप की मोबाइल फोन उपकरण बनाने वाली कम्पनियों की चीन के बाजारों में है। प्रवक्ता ने कहा कि यूरोपीय संघ के किसी भी कदम से दोनों पक्षों को नुकसान होगा।