अन्नपूर्णा योजना गरीबों के लिये वरदान साबित हुई

ऊर्जा एवं जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश में अन्नपूर्णा योजना गरीबों के लिये वरदान साबित हुई है। योजना में प्रत्येक गरीब परिवार को एक रुपये किलो गेहूँ, चावल, नमक मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक दिन की मजदूरी में महीने भर के राशन का इंतजाम कर उल्लेखनीय कार्य किया है। ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल आज रीवा में खाद्य सुरक्षा पर्व पर समारोह को संबोधित कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा जिले में 3 लाख 52 हजार से अधिक परिवार को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में इस योजना में पात्र परिवार सूची में जुड़ने से छूट गया है, उसका नाम प्राथमिकता के साथ जोड़ा जायेगा। कार्यक्रम में बताया गया कि जिले में अन्त्योदय अन्न योजना में 74 हजार 743 तथा प्राथमिकता के 2 लाख 77 हजार 295 परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम में कारगिल जाने वाली रीवा की 16 वर्षीय कुमारी नैना सोनी ने जनसम्पर्क मंत्री श्री शुक्ल को कारगिल की मिट्टी से तिलक लगाकर अभिवादन किया। कुमारी नैना ने माँ तुझे प्रणाम योजना में कारगिल की यात्रा की।

वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत

जनसम्पर्क मंत्री श्री शुक्ल ने रीवा में वटवृक्ष लगाकर वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत की। अभियान में 30 हजार पौधे रोपे जायेंगे। श्री शुक्ल ने कहा कि वृक्षारोपण को जिले में व्यापक रूप दिया जायेगा।

बघेलखण्ड के इतिहास एवं संस्कृति को सहेजने पुरातत्वविद् आगे आयें

जनसम्पर्क एवं ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बघेलखण्ड का इतिहास एवं पुरातन पर आयोजित दो-दिवसीय संगोष्ठी का शुभारंभ भी किया। जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि बघेलखण्ड की संस्कृति एवं इतिहास पर केन्द्रित शोध का सचित्र प्रकाशन करवाया जायेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इतिहास से वाकिफ हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि विदेशी पर्यटकों को रीवा में आकर्षित करने के लिये पर्यटन-स्थल विकसित किये जा रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से चचाई फॉल, रानी तालाब, चिरहुला तालाब, मुकुंदपुर टाइगर सफारी, देऊर कोठार और लक्ष्मण बाग आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में महापौर श्री शिवेन्द्र सिंह, अध्यक्ष नगर निगम परिषद श्री रिपुदमन सिंह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *