गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने सतनामी और लक्ष्मी नगर के बीच नाले पर निर्माणाधीन पुलिया के कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए। श्री गौर आज पिपलानी क्षेत्र के वार्ड 63 की बस्तियों का भ्रमण कर रहे थे।
श्री गौर ने सतनामी और लक्ष्मी नगर के बीच नाले पर बनने वाली पुलिया के काम में आई रूकावट पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि कांट्रेक्टर को हिदायत दें कि वह कार्य को जल्दी पूरा करे। श्री गौर ने राजीव नगर बी-सेक्टर में आंतरिक मार्ग को जन-भागीदारी से बनाये जाने के नागरिकों के प्रस्ताव पर विधायक निधि से एक लाख रूपये का योगदान देने का कहा। उन्होंने झील नगर में मकानों की छत के लिए अनुमति देने की कार्रवाई के लिए कहा। कमला नगर में अस्थाई बिजली कनेक्शनों को स्थाई करने और सीवेज की निकासी के लिए प्लान बनाने की बात कही। सुंदर नगर में पानी की टंकी के पास पार्क की दीवार तो बन गई पर अभी उसमें पौधे नहीं लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि नगर निगम वर्षा शुरू होते ही पार्क में वृक्षारोपण करवाये। स्थानीय नगारिकों विशेषकर महिलाओं ने कहा कि यदि नगर निगम पार्क में वृक्षारोपण करवाता है तो वह वृक्षों को नियमित पानी देने और पार्क के मेंटनेंस का काम जन-सहयोग से करेंगे। लक्ष्मी नगर में नागरिकों द्वारा बिजली के अधिक बिल आने की शिकायत पर श्री गौर ने कहा कि वह उन्हें लिखकर दें जाँच करवाई जायेगी। असामाजिक तत्वों और चोरी आदि की शिकायत पर श्री गौर ने पुलिस अधिकारी को कहा कि वे क्षेत्र में नियमित गश्त करें । उन्होंने कहा कि घर के परिसर से डेली यूज के सामान को चोरी कर कबाड़ में बेचने वालों पर निगरानी रखने के साथ ही ऐसे कबाड़ियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई हो, जो चोरी का सामान खरीदते हैं। पुलिस इस पर नजर रखें। सतनामी नगर में पानी की समस्या के हल के लिए उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए। श्री गौर ने रजत नगर, सुंदर नगर, राजीव नगर, सेक्टर ए-बी और किरण नगर आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया । पार्षद श्रीमती लक्ष्मी ठाकुर, श्री हरिशंकर मिश्रा, श्री किशन ग्वाला, श्री श्याम मोहन श्रीवास्तव, श्रीमती उर्मिला मौर्य आदि स्थानीय कार्यकर्ता उनके साथ थे ।