तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए नये राज्य और आंध्रप्रदेश की पुलिस को मिलाकर एक संयुक्त बल बनाने का गृहमंत्रालय का सुझाव खारिज कर दिया है। आपसी नफरत के कारण होने
वाले अपराधों से निपटने के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाने का सुझाव भी नामंजूर कर दिया गया है। के. चंद्रशेखर राव सरकार ने यह प्रस्ताव अस्वीकृत करते हुए गृहमंत्रालय को पत्र भेजा है। तेलंगाना सरकार ने कहा है कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी हैदराबाद तेलंगाना का एक अभिन्न हिस्सा है। तेलंगाना सरकार के प्रशासनिक विभाग के प्रधान सचिव अजय मिश्रा ने गृहमंत्रालय को भेजे पत्र में कहा है कि संयुक्त राजधानी क्षेत्र में संयुक्त पुलिस बल नहीं हो सकता क्योंकि कानून और व्यवस्था राज्य का विषय है और दूसरे राज्य के पुलिस अधिकारी इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकते। आंध्रप्रदेश के विभाजन के बाद हैदराबाद को दस वर्ष के लिए दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी बनाया गया है और राज्यपाल को यहां कानून व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चार जून को गृहमंत्रालय ने कामकाज संबंधी नियमों में संशोधन के प्रस्ताव पर तेलंगाना सरकार का सुझाव मांगा था।