तेलंगाना में आज बंद का मिला-जुला असर रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच किए गए बंद के दौरान शांति रही। हैदराबाद में कुल मिलाकर जन-जीवन पर बंद का असर नहीं दिखा। शहरी इलाकों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों
में इसका अधिक प्रभाव था। आंध्र प्रदेश पुनर्गठन संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित किए जाने के विरोध में किये गये बंद के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वाम दलों और तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति ने पोलावरम परियोजना के निर्माण के लिए तेलंगाना के खम्मम जिले के सात मंडलों का आंध्र प्रदेश में विलय के विरोध में यह बंद किया था। कई जगहों पर धरनों में तेलंगाना राष्ट्र समिति, कांग्रेस और वाम दलों के नेता शामिल हुए। शिक्षा संस्थान और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। कुछ स्थानों पर सरकारी कार्यालय भी बंद थे। खम्मम जिले के भद्राचलम डिवीजन में बंद का काफी असर रहा। यहां जन जातीय लोग पोलावरम विधेयक वापस लेने की मांग करते हुए आंदोलन में शामिल हुए।