पुलिस जनता के साथ निरंतर संवाद रखे

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज देवास में उज्जैन संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिये कि जनता से निरंतर संवाद रखा जाये। थानों में पीड़ितों की शिकायत पर प्रभावी कार्यवाही की जाये।

थानों को आदर्श थाना बनाकर परिसर को स्वच्छ रखा जाये। सभी पुलिस अधिकारी उत्साह के साथ काम करें। पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को कानून का सूक्ष्म ज्ञान होना चाहिए। गृह मंत्री ने निर्देश दिये कि महिलाओं की सुनवाई के लिए शहरी क्षेत्रों के पुलिस थानों में स्थापित महिला डेस्क पर महिला अधिकारी कर्मचारी ही पदस्थ की जाये। यातायात के नियमों से आम जनता को अवगत करवाया जाये। पुलिस अधिकारी अपराधों की रोकथाम के लिए कड़ी मेहनत करें। बैठक में आईजी श्री वी मधु कुमार ने उज्जैन संभाग में विगत 6 माह में घटित अपराधों और घटनाओं की पावर पाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधों की रोकथाम के लिए हेल्प लाईन, शांतिदूत, वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा सेल आदि की व्यवस्था की गई है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से निपटने की तैयारियाँ कर ली गई है। सिंहस्थ 2016 के दृष्टिगत तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *