मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भोपाल को दुनिया का सबसे सुन्दर शहर बनाया जायेगा। भोपाल में लाईट मेट्रो ट्रेन शुरू की जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ करीब 29 करोड़ 47 लाख रूपये की लागत से बनने वाले केबल
स्टे ब्रिज के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर, महिला–बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नगर निगम को विकास कार्यों के लिये मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना में 120 करोड़ रूपये उपलब्ध करवाये गये हैं। भोपाल में राजधानी होने के गौरव को बढ़ाने वाले विकास कार्य किये गये हैं। भोपाल में सुनियोजित विकास हुआ है। यातायात की दिक्कतों को दूर किया गया है। भोपाल के विकास के लिये राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी। इस केबल स्टे ब्रिज के बनने से भोपाल की गौरव बड़ी झील की सुन्दरता और बढ़ेगी।