अमरीकी विदेश मंत्री जॉन कैरी पांचवीं भारत-अमरीका महत्वपूर्ण वार्ता में भाग लेने के लिए कल शाम नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। वे बृहस्पतिवार को विदेशमंत्री सुषमा स्वराज के साथ इस वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।
भारत यात्रा पर रवाना होने की पूर्व संध्या पर भारत के बारे में अपने विदेश नीति भाषण में श्री कैरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनावी नारे ‘सबका साथ-सबका विकास’ में दर्शाई गई उनकी विकास योजना, एक महत्वपूर्ण दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि अमरीका, भारत की नई सरकार के इन प्रयासों में उसका भागीदार बनने को तैयार है। अमरीकी विदेश विभाग की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा है कि श्री जॉन कैरी की भारत यात्रा से सितंबर में वाशिंगटन में श्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्रपति ओबामा से मुलाकात का आधार तैयार होगा। उन्होंने बताया कि श्री कैरी अपनी भारत यात्रा के दौरान श्री मोदी से भी मिलेंगे। श्री कैरी के साथ वाणिज्य मंत्री पैनी प्रिट्सकर भी आ रहे हैं। वे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध मजबूत करने की बातचीत का नेतृत्व करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि आपसी मुद्दों के सभी पहलुओं पर चर्चा की जायेगी। इनमें आपसी व्यापार बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन के मुद्दे से निपटना, स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग के जरिये भारत में ऊर्जा सुरक्षा की स्थिति में सुधार और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना शामिल हैं।