महाराष्ट्र में कल पुणे ज़िले के अम्बेगांव तालुका के मालिण गांव में भारी वर्षा के कारण भू-स्खलन से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई 300 से अधिक लोंगो के फंसे होने की आशंका है।
भू-स्खलन सुबह लगभग साढ़े सात बजे हुआ, जब अधिकतर लोग सो रहे थे। एक मंदिर और एक प्राथमिक विद्यालय तबाह हो गए । आपदा कार्रवाई बल के प्रवक्ता ने बताया कि जनजातीय बहुल इस गांव के 70 में से 46 मकान तबाह हो गए हैं। हमारे संवाददाता के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। पुणे में हो रही जोरदार बारिश की वजह से मृतकों को मलबे से निकालना कठिन हो रहा है। इसके बावजूद राहत और बचाव कार्य में लगे हुए एनडीआरएफ के जवानों ने अभी तक 19 लाशें मलबे से निकाली है। करीबन चार सौ शव मलबे के नीचे दब जाने की आशंका जताई जा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हान ने कल दु्र्घटनाग्रस्त गांव का दौरा किया। केन्द्रिय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह मालिन गांव का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है।