राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज जबलपुर और एसजीएसआईटीएस इंदौर को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलवाने का प्रस्ताव है। निस्सहाय, अशक्त और साधनहीन विद्यार्थियों
को पढ़ाई के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने, स्कूल ड्राप-आउट एवं नौकरी कर रहे 10वीं या आईटीआई पास युवाओं को इंजीनियरिंग डिप्लोमा की शिक्षा देने के लिये चार कम्युनिटी कॉलेज स्थापित किये जायेंगे।
उच्च तकनीकी शिक्षण संस्था की प्रवेश क्षमता हुई 2,25,719
प्रदेश में वर्ष 2003 में उच्च तकनीकी शिक्षण संस्थाओं की प्रवेश क्षमता 24 हजार 231 थी, जो वर्ष 2014 में बढ़कर 2 लाख 25 हजार 719 हो गई है। नवगठित जिला आगर-मालवा में पॉलीटेक्निक महाविद्यालय खोलना प्रस्तावित है। सत्र 2013-14 में 12 नवीन आईटीआई तथा 20 नवीन कौशल विकास केन्द्र स्थापित किये गये हैं। प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण के लिये इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग एण्ड ट्रेनर की स्थापना की गई है। संभाग-स्तरीय आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से 2131 प्रशिक्षणार्थी को नियोजित किया गया है। राज्य-स्तरीय कौशल विकास मिशन में मार्च, 2014 तक 6 लाख व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया गया है। घरेलू कामकाजी महिलाओं के प्रशिक्षण की योजना में 7,974 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है।