जनसम्पर्क एवं ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि मध्यप्रदेश में तेजी से विकास के लिये सकारात्मक माहौल बना है। प्रदेश के विकास एवं कृषि की दर में तेजी से वृद्धि होने के कारण मध्यप्रदेश की पहचान देशभर में अग्रणी
राज्य के रूप में हुई है। ऐसे समय रचनात्मक पत्रकारिता को और अधिक बढ़ावा दिये जाने की जरूरत है। जनसम्पर्क मंत्री श्री शुक्ल आज भोपाल में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवागत विद्यार्थियों के सत्रारंभ-2014 को संबोधित कर रहे थे। सत्रारंभ कार्यक्रम तीन दिन चलेगा। इस दौरान पत्रकारिता एवं संचार के क्षेत्र के विषय-विशेषज्ञों के उद्बोधन होंगे।
जनसम्पर्क मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना गया है। जिन विद्यार्थियों ने इस क्षेत्र में आने का तय किया है। उनके कंधों पर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आई है। उन्होंने कहा विद्यार्थी जिस गुणवत्ता के साथ अध्ययन करेंगे और आगे चलकर जो काम करेंगे, उससे विश्वविद्यालय की पहचान को मजबूती मिलेगी। जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि आज का युग सूचना का युग है। हर क्षेत्र में इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी के नये साधनों का प्रयोग हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कम्प्यूटर में भी दक्षता हासिल करने की बात कही। युवा शक्ति की चर्चा करते हुए जनसम्पर्क मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हाल ही के लोकसभा चुनाव में युवाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए विकास के मार्ग को प्रशस्त किया है। देश में जो नेतृत्व परिवर्तन हुआ है, इससे शीघ्र ही देश को बेरोजगारी एवं गरीबी से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के समय महात्मा गाँधी ने समाज के प्रत्येक वर्ग में आजादी का भाव पैदा किया था। अब देश के विकास का भाव प्रत्येक तबके में जागृत करने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।