वित्तीय समावेशन के जरिये सुदूर ग्रामीण अंचलों तक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के लिये नई ग्रामीण बैंक शाखाओं के भवनों के लिये 100 करोड़ रुपये का प्रावधान राज्य शासन ने किया है।
मुख्यमंत्री ग्राम समृद्धि भवन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतें उनके यहाँ खुलने वाली बैंक शाखाओं के लिये 10 लाख रुपये की लागत से भवन निर्मित करेगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस अनूठी योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिये राज्य स्तर पर एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया रहा है, जो मुख्यमंत्री ग्राम समृद्धि भवन के क्रियान्वयन में समन्वय करेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने आज केनरा बैंक की 5 नई ग्रामीण शाखाओं का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। श्री भार्गव ने भोपाल में आयोजित समारोह में लेपटाप पर क्लिक कर बैंक शाखाओं का ऑनलाइन शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती अरूणा शर्मा ने की। इस अवसर पर आयुक्त पंचायत राज श्री रघुवीर श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
केनरा बैंक की नई ग्रामीण बैंक शाखाएँ विदिशा जिले के ग्राम करारिया तिराहा, ग्राम हॅसुआ तथा ग्राम जीवाजीपुर, रायसेन जिले के ग्राम मेढ़की और जबलपुर जिले के धनगवां में आरंभ हो गई हैं। फिलहाल ये सभी नई ग्रामीण बैंक शाखाएँ इन गाँवों में उपलब्ध शासकीय भवन में स्थापित की गई हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इन बैंक शाखा के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम समृद्धि भवन योजना में 10 लाख रुपये हर पंचायत को दिए गये हैं। यह नये भवन संबधित ग्राम पंचायत के सहयोग से शीघ्र ही निर्मित किये जायेंगे।