स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने कहा है कि विज्ञान से जुड़े विद्यार्थियों को अनुसंधान और शोध कार्यों से निरंतर जुड़े रहना चाहिये। विज्ञान के क्षेत्र में की गई कड़ी मेहनत विद्यार्थी को कल का बेहतर वैज्ञानिक बना सकती है।
श्री जैन आज सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में इंस्पायर अवार्ड योजना में जिला-स्तरीय प्रदर्शनी का समापन एवं पुरस्कार वितरण कर रहे थे।
श्री पारस जैन ने कहा कि इंस्पायर योजना का उद्देश्य विज्ञान को ग्राम-स्तर तक ले जाने और विद्यार्थियों को अनुसंधान के प्रति प्रेरित करने का है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अपने कार्य की लगन और सच्ची भावना होनी चाहिये। योजना की मंशा भी विज्ञान से जुड़े विद्यार्थियों को अपने उद्देश्य के प्रति जागरूक बनाये रखने की है। श्री जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्कूली शिक्षा में अनेक महत्वपूर्ण बदलाव किये हैं। स्कूल चलें हम अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी बालक-बालिका शाला जाने से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पूर्व के वर्षों की अपेक्षा स्कूली विद्यार्थियों को अनेक सुविधाएँ मुहैया करवाई जा रही हैं। नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों के अलावा साइकिल और गणवेश आदि दिये जा रहे हैं। श्री जैन ने बताया कि राज्य सरकार हायर सेकेण्डरी की तरह ही मिडिल-स्तर पर उत्कृष्ट विद्यालय खोलने जा रही है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में हर-संभव उपाय कर मध्यप्रदेश की शिक्षा को बेहतर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर बेटी को शिक्षित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। श्री जैन ने श्री शिवेन्द्र शर्मा की पुस्तक ‘सब बढ़े-आगे बढ़े” का लोकार्पण किया तथा इंस्पायर अवार्ड योजनाओं की प्रदर्शनी में चयनित दस विद्यार्थी को पुरस्कृत किया। श्री जैन ने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।