पाठ्य-पुस्तकों का मुद्रण आकर्षक और गुणवत्तापूर्ण हो

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने कहा है कि शासकीय स्कूलों में प्रदाय की जाने वाली पाठ्य-पुस्तकों का मुद्रण आकर्षक और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। पुस्तकों का आवरण पृष्ठ बच्चों को प्रेरित करने वाला हो।

श्री जैन आज पाठ्य-पुस्तक निगम के शासी-निकाय की बैठक को संबोधित कर रहे थे। श्री पारस जैन ने कहा कि अगले सत्र में वितरित की जाने वाली पुस्तकों का मुद्रण आधुनिक तकनीक पर आधारित हो। पुस्तकों में इस्तेमाल होने वाले कागज की क्वालिटी भी अच्छी हो। जिस प्रकार इस साल समय पर पुस्तकों का वितरण हुआ है, अगले शिक्षा सत्र में भी अप्रेल में वितरण सुनिश्चित हो। बैठक में श्री सतीश मिश्र ने आगामी शिक्षा सत्र 2015-16 की पाठ्य-पुस्तकों एवं अन्य पाठ्य-सामग्री के मुद्रण की जानकारी देते हुए बताया कि पुस्तकों के आवरण पृष्ठ के लेमिनेशन के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा माँग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। निगम द्वारा भोपाल जिले के पीपलनेर में गोदाम-सह-कार्यालय का निर्माण करवाया जा रहा है। निगम की गतिविधियों के कम्प्यूटरीकरण की कार्यवाही की जा रही है। बैठक में शासी-निकाय ने कक्षा 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप प्रदाय करने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा दी जाने वाली 13 करोड़ 13 लाख की राशि का भी अनुमोदन किया। मण्डल ने निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को 10 प्रतिशत (100 प्रतिशत) महँगाई भत्ता के भुगतान का भी अनुसमर्थन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *