खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री कुंवर विजयशाह ने निर्देश दिये हैं कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 500 आबादी के मान से राशन दुकान खोलने के प्रस्ताव तैयार किये जाये। खाद्य मंत्री गुरुवार को खरगोन में विभागीय बैठक ले रहे थे।
खाद्य मंत्री कुंवर शाह ने कहा कि अधिकारी अपने नियमित दौरे के दौरान क्षेत्र की राशन दुकानों का भी आकस्मिक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उचित मूल्य दुकान को सर्वसुविधायुक्त बनाने का फैसला किया है। खाद्य मंत्री ने कहा कि राशन की दुकान गरीब की दुकान है वहाँ उनको सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि विभाग ने यह तय किया है कि प्रत्येक राशन दुकान पर सेल्समेन ड्रेस कोड का पालन करेगा। सेल्समेन को प्रति बोरी पर मिलने वाला 20 रुपये बोनस को बढ़ाकर कर 80 रुपये तय किया गया है। खाद्य मंत्री ने बी.आर.जी.एफ. एवं 275 विशेष केन्द्रीय सहायता मद में दुकान सह-गोदाम के प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिये। खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बताया कि निर्धन व्यक्ति किन्हीं कारणों से एक माह का राशन नहीं ले पाता है तो उसे अगले माह में दो माह का राशन दिया जायेगा। बैठक में जिले में फसलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।