गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने बाग सेवनिया क्षेत्र में नाली निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर अप्रसन्नता प्रकट की। उन्होंने निर्माण सामग्री का सेम्पल परीक्षण के लिए भेजने को कहा।
श्री गौर आज बाग सेवनिया, अरविन्द बिहार, अमराई आदि बस्तियों का भ्रमण कर रहे थे। श्री गौर ने अधिकारियों से सतत मानीटरिंग करने और क्वालिटी का निर्माण कार्य कराने को कहा। बाग सेवनिया क्षेत्र में लगभग 40 लाख राशि का निर्माण कार्य चल रहा है। श्री गौर ने बाग सेवनिया मार्केट के पास व्यस्त सड़क पर खड़े हाथ ठेलों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। श्री गौर ने अरविन्द विहार, बाग मुगालिया एक्सटेंशन, अमराई बस्ती में सीवेज की समस्या पर नियमित सफाई के निर्देश दिये। उन्होंने जमा पानी को तुरन्त निकालने के लिए कच्ची नाली बनाने और इन क्षेत्रों में सीवेज की नालियों की मरम्मत के लिए भी कहा। पार्षद श्रीमती चन्द्रमुखी यादव, श्री टी.आर. मिश्रा, पूर्व पार्षद श्री केवल मिश्रा और सुन्दर सिंह परमार सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधि और अधिकारी भ्रमण के दौरान श्री गौर के साथ थे।