प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू में एक उच्च स्तरीय बैठक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की है। इस बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। श्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह जम्मू पहुंचे।
कश्मीर में आज बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है। सेना छावनी, दूरदर्शन तथा आकाशवाणी केन्द्र सहित श्रीनगर के अनेक और इलाके पानी में डूब गए और कई प्रमुख सड़कों पर भी पानी भर गया। पानी का स्तर बढ़ने के कारण झेलम नदी के तटबंध कई जगह टूट गये। सिविल सचिवालय और उच्च न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों में भी बाढ़ का पानी भर गया है। सड़कों पर बाढ़ का पानी भर जाने के कारण प्रमुख अस्पतालों का संपर्क कट गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है लेकिन अब भी शहर के निचले इलाकों में बडी संख्या में लोग अपने मकानों की ऊपरी मंजिलों में फंसे हैं। प्राइवेट सेल्यूलर नेटवर्क के लगभग पूरी तरह ठप्प हो जाने से संचार में रूकावट आई है। लैंडलाइन टेलीफोन नेटवर्क भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बाढ़ वाले इलाकों में पिछले छह दिन से बिजली और पानी की आपूर्ति में रूकावट आ रही है। अब तक इस बाढ़ से 116 लोगों की मृत्यु हो गयी है । केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य का कल दौरा करके प्रधानमंत्री को राज्य में बाढ़ से हुई तबाही के बारे में जो जानकारी दी, उसके बाद प्रधानमंत्री ने स्वयं राज्य का दौरा करने का निर्णय लिया, ताकि वो खुद इस त्रासदी से हुई क्षति का जायजा लें और नागरिकों को पेश आ रही मुश्किलताल को समझ लें ।