मध्यप्रदेश में उर्वरक, पॉलीमर पार्क और इस्पात संयंत्र की स्थापना होगी

मध्यप्रदेश में उर्वरक संयंत्र, पॉलीमर पार्क, इस्पात संयंत्र और अंतर्राष्ट्रीय-स्तर का औषधि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान स्थापित होंगे। यह निर्णय आज मध्यप्रदेश भवन नई दिल्ली में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

की पहल पर केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री अनंत कुमार, इस्पात मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान तथा उर्वरक राज्य मंत्री श्री निहालचंद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया।

राज्य में स्थापित और स्थापित होने वाले उद्योगों की सहूलियत के लिये आज की बैठक के यह फैसले इंदौर में आगामी 8-10 अक्टूबर को होने वाली ग्लोबल इनवेस्टर समिट की कामयाबी में मील का पत्थर साबित होंगे।

भोपाल में विशेष कार्य समूह की बैठक 30 सितम्बर को

बैठक में इन विषयों पर काम करने के लिये मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा के समन्वय में केन्द्र सरकार के उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय तथा पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय के अधिकारियों का एक संयुक्त कार्य-समूह गठित किया गया है। इस समूह की 30 सितम्बर को भोपाल में बैठक होगी। कार्य-समूह में सेल एवं गेल के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।

भोपाल में घर-घर कुकिंग गैस पहुँचाने पर हुई चर्चा

बैठक में भोपाल में घर-घर कुकिंग गैस पहुँचाने, मध्यप्रदेश में उर्वरक संयंत्र, इस्पात संयंत्र, राष्ट्रीय-स्तर के फार्मेसी, शिक्षण एवं शोध संस्थान की स्थापना, बीना-ओमान रिफायनरी के उत्पादन में वृद्धि, प्लास्टिक विज्ञान संबंधी प्रशिक्षण संस्थान की छात्र क्षमता 4000 से 7000 सालाना करने, पॉलीमर पार्क स्थापित करने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर लाने की दिशा में गंभीर मंथन हुआ। उल्लेखनीय है कि प्लास्टिक विज्ञान संबंधी प्रशिक्षण संस्थान के शत-प्रतिशत छात्रों को रोजगार मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *