स्कूल शिक्षा मंत्री श्री पारस जैन ने शासकीय संस्कृत विद्यालयों में संस्कृत के शिक्षक पद-स्थापना करने के निर्देश दिये हैं। शासकीय विद्यालयों में पदस्थ संस्कृत के शिक्षकों में से इसकी पूर्ति की जायेगी।
श्री जैन आज मंत्रालय में महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान की कार्य-परिषद् की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। श्री जैन ने 17 विद्यालय के कक्षा दसवीं के 5,641 और 12वीं के 3,067 परीक्षार्थी को आगामी पूरक परीक्षा में शामिल करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संस्थान में पदस्थ होने वाले अधिकारी-कर्मचारी के लिये संस्कृत विषय की योग्यता को प्राथमिकता मिलनी चाहिये। श्री जैन के निर्देश पर संस्थान के पुस्तकालय के ऑटोमेशन कार्य की सैद्धांतिक सहमति दी गई। उन्होंने संस्थान एवं राज्य ओपन स्कूल के भवन निर्माण के लिये भी प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। शासकीय योग केन्द्र के उन्नयन के लिये कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये गये। श्री जैन ने योग केन्द्र को अत्याधुनिक स्वरूप देने को कहा। उन्होंने अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर गठित समिति की रिपोर्ट पर उज्जैन की वेधशाला के उन्नयन के संबंध में कार्य-परिषद् के सदस्यों से चर्चा की। कार्य-परिषद् ने इस पर अपनी सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की। बैठक में संस्थान के अधिनियम 2007 में संशोधन के प्रस्ताव, निदेशक के वित्तीय अधिकारों का निर्धारण, पुस्तक लेखन कार्यशाला, मुख्य परीक्षा केन्द्र वाले उमावि को प्रोत्साहनस्वरूप प्रिंटर आदि की सुविधा दिये जाने का भी निर्णय लिया गया।