मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आगामी 2 अक्टूबर से भोपाल में राष्ट्रीय खादी उत्सव का आयोजन होगा। स्थानीय गौहर महल में यह उत्सव 9 अक्टूबर तक चलेगा। खादी उत्सव में देश एवं प्रदेश की खादी ग्रामोद्योग
से संबंधित संस्थाएँ और लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्यमी भाग लेंगे। गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर गाँधी जयंती को शाम 6 बजे उत्सव का शुभारंभ करेंगे। महापौर श्रीमती कृष्णा गौर भी उपस्थित रहेंगी। उत्सव में देश-प्रदेश के उच्च गुणवत्ता के खादी वस्त्र, खादी की सिल्क साड़ियाँ, ड्रेस-मटेरियल, कुर्ता-पजामा, जैकेट, बेडशीट, दरी, गमछा, टॉवेल, लुंगी, धोती, सलवार-सूट, शार्ट कुर्ते एवं अन्य सामग्री बिक्री के लिये उपलब्ध रहेगी। प्रदेश के स्व-सहायता समूहों द्वारा विंध्या वैली ब्राण्ड के उत्पादित मसाले, शेंपू, अगरबत्ती, शहद, सरसों, तेल आदि का भी विक्रय होगा। सिल्क साड़ी, खादी वस्त्रों और विंध्या वैली उत्पादों पर 20 प्रतिशत की छूट रहेगी।