मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर केन्द्रीय इस्पात, खान श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में केन्द्रीय क्षेत्र की स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड, राष्ट्रीय खनिज विकास निगम, हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड, नालको, मॉयल लिमिटेड जैसी बड़ी कंपनियाँ मध्यप्रदेश में करोड़ का निवेश करेंगी।
श्री तोमर और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं और अन्य मुद्दों पर आज यहाँ मंत्रालय में विस्तार से चर्चा की। श्री तोमर और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। श्री तोमर ने प्रदेश के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये। रोजगार की स्थिति की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया कि प्रदेश में एक मॉडल आई.टी.आई. स्थापित किया जायेगा। इसके अलावा देश भर में स्थापित होने वाले 12 एडवांस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में से एक मध्यप्रदेश में स्थापित किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इसके लिये राज्य सरकार जमीन उपलब्ध करवायेगी।
134 विकासखण्ड में आई.टी.आई.
श्री तोमर ने मध्यप्रदेश को 134 ऐसे विकासखण्ड में आई.टी.आई. खोलने की सौगात दी जहाँ अभी यह सुविधा नहीं है। उन्होंने बताया कि उद्योगों और आई.टी.आई. के परस्पर सहयोग और समन्वय से ऐसे पाठ्यक्रम या ट्रेड संचालित किये जायेंगे जिनकी उद्योग को जरूरत है और जिनमें रोजगार की अत्यधिक संभावना है। युवाओं के हित में मॉडल केरियर सेंटर भी स्थापित किये जायेंगे।