मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री की लेब-टू-लेंड योजना में जितने भी अत्याधुनिक साधन आये हैं, उनके उपयोग को मध्यप्रदेश में ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दिया जायेगा।
इससे कृषि और पशुपालन में अभूतपूर्व प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुपालकों की आमदनी चार गुना तक बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री शरद जैन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री आज नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय, जबलपुर में लेब-टू-लेंड कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इसका उद्देश्य पशुपालन के क्षेत्र में वैज्ञानिकों द्वारा की जा रही खोज और अनुसंधान का लाभ पशुपालकों और किसानों तक पहुँचाना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर साँची ब्रांड के तीन नये उत्पाद को औपचारिक रूप से लांच किया। इनमें काजू कतली, रसगुल्ला और गुलाब जामुन शामिल हैं। उन्होंने अधिक दूध उत्पादन वाले देशी नस्ल की गाय के पालकों को राज्य-स्तरीय गोपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ‘ज्ञानार्जन’ वेबसाइट का लोकार्पण भी किया।