मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आव्हान किया है कि स्वच्छ भारत के लिये स्वच्छ मध्यप्रदेश बनायें। श्री चौहान आज यहाँ एक करोड़ 69 लाख की लागत से निर्मित जिला पंचायत भवन का लोकार्पण कर रहे थे।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भोपाल जिले के प्रत्येक ग्राम में अगली दीपावली तक हर घर में शौचालय निर्माण का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज साथ मिलकर काम करें तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। राज्य सरकार गाँवों में शहरों जैसी सुविधाएँ उपलब्ध करवाने की कोशिश कर रही हैं। इसके लिये सड़क, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। खेती को लाभ का धंधा बनाने के बाद अब औद्योगीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान भोपाल तथा उसके आसपास एक लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उद्योगों से युवाओं को रोजगार मिलेगा और लोगों की आमदनी बढ़ेगी। राज्य सरकार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिये काम कर रही है।