राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने आज लाल परेड ग्राउंड पर पुलिस स्मृति दिवस पर देश और प्रदेश के शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था
की स्थिति को सुदृढ़ बनाये रखने के लिये सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। अपराधों की त्वरित विवेचना और अपराधियों को सजा दिलवाने के प्रकरणों में मध्यप्रदेश पुलिस की सक्रियता से ही कार्यवाही संभव हुई है। कार्यवाही के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शहीद हो जाते हैं। शहीदों के परिवारों के कल्याण के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। इस मौके पर गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर, लोक आयुक्त श्री पी.पी. नावलेकर, मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री व्ही.एम. कंवर, सूचना आयुक्त श्री सुखराज सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह और प्रमुख सचिव गृह श्री बी.पी.सिंह उपस्थित थे। राज्यपाल एवं अतिथियों ने पुष्प-चक्र चढ़ाकर शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी।