राज्य में शिशुओं को पाँच रोग से बचाव का कार्य पेंटावेलेंट वेक्सीन नाम के एक ही टीके से संभव होगा। डिप्थीरिया, काली खाँसी, टेटनस, हेपेटाइटस -बी और हिब जैसी जानलेवा बीमारियों से बच्चों की सुरक्षा
के लिए यह टीका तीन बार लगाया जाएगा। पहला टीका शिशु के जन्म के डेढ़ माह बाद, दूसरा टीका ढाई माह बाद और तीसरा टीका शिशु के जन्म के साढ़े तीन माह बाद लगाने की व्यवस्था रहेगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान बुधवार, 29 अक्टूबर को समन्वय भवन, टीटी नगर, भोपाल में अपरान्ह 3 बजे पेंटावेलेंट वेक्सीन लगाए जाने के कार्य की शुरूआत करवायेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा करेंगे। राज्य मंत्री श्री शरद जैन विशेष अतिथि होंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने पेंटावेलेंट वेक्सीन प्रारंभ करने के पूर्व वातावरण निर्माण के अंतर्गत संभाग स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, डी एम सी एच ओ और बीएमओ को भी आवश्यक जानकारियाँ दी गईं। प्रदेश के आकाशवाणी केंद्र भी पेंटावेलेंट वेक्सीन के महत्व से लोगों को अवगत करवा रहे हैं। प्रदेश में पूर्व से संचालित ममता रथ ग्राम स्तर तक इस टीका के प्रचार का कार्य कर रहे हैं।