ईमानदारी से काम करने वाला ही सबसे बड़ा व्यक्ति

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि अपना काम ईमानदारी से करने वाला व्यक्ति ही सबसे बड़ा है। मुझे प्रदेश के कर्मचारियों पर गर्व है कि उन्होंने प्रगति और विकास के पथ पर कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया है।

श्री चौहान आज यहाँ दीपावली मिलन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्थापना दिवस 01 नवम्बर को शासकीय कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लालसिंह आर्य और विभिन्न शासकीय कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस को पर्व की तरह मनाया जाय। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में कर्मचारी सपरिवार शामिल हों। यह संकल्प लें कि ऐसा मध्यप्रदेश बनायेंगे कि जमाना कहे, विकास ऐसा होता है। देश में सर्वाधिक 11.08 की वृद्धि दर और कृषि में चमत्कारिक 24.99 प्रतिशत की वृद्धि दर मात्र पड़ाव है। लक्ष्य है कि प्रत्येक व्यक्ति को शरीर, मन और आत्मा का सुख प्राप्त हो। सभी के लिये विकास के अवसर हों। प्रतिभावान संसाधनों के अभाव में किसी से पीछे नहीं रहे। सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, उच्च शिक्षा ऋण गारंटी योजना के साथ ही मजदूर बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिये संस्थान बनाया जा रहा है। यह संस्थान मजदूर के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा, व्यवसायिक मार्गदर्शन और कोचिंग उपलब्ध करवा कर प्रतिष्ठित व्यवसायों में स्थापित करने का कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *