मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सूक्ष्म और लघु उद्योगों को हरसंभव सहयोग दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हर महीने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से चर्चा के लिये आधे घंटे का समय निश्चित किया जायेगा
ताकि स्थापना और संचालन से संबंधित मुद्दों का तत्काल निराकरण हो सके। श्री चौहान आज यहाँ मंत्रालय में सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। लघु उद्योग संघ के प्रतिनिधियों ने लघु उद्योगों की स्थापना के लिये दूरदर्शी नीतियाँ, अनुकूल वातावरण बनाने और मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर ब्रांडिंग करने के लिये मुख्यमंत्री की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प, दृष्टि और कार्य-प्रणाली से लघु उद्योगों को नई ऊर्जा मिली है। प्रतिनिधियों ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में लघु उद्योगों के लिये की गई घोषणाओं के लिये मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस दूरदर्शी सोच से प्रदेश के औद्योगिक विकास में तेजी आयेगी।