ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मध्यप्रदेश में निवेश की रुचि दिखाने वाले उद्योगपतियों के अलावा भी अनेक बड़े औद्योगिक समूह यहाँ निवेश के प्रस्ताव दे रहे हैं। इसी सिलसिले में आज यहाँ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान
से माईन कार्प इंडिया तथा पल्लादम हाइटेक वीविंग के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर अपने प्रस्ताव प्रस्तुत किये। आज भेंट करने वाले समूहों में अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। इस दौरान खनिज एवं ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल और मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान से मुलाकात के दौरान माईन कार्प इंडिया के चेयरमेन श्री साजिद खान ने बताया कि माईन कार्प मध्यप्रदेश में स्टोन प्रोसेसिंग का विश्व स्तरीय संयंत्र लगाना चाहता है। इसमें करीब 1100 करोड़ रूपये का पूँजी निवेश होगा। मध्यप्रदेश में बेहतर गुणवत्ता का सेंड स्टोन, ग्रेनाइट और मार्बल उपलब्ध है। इस संयंत्र के लगने से करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलेगा। संयंत्र द्वारा तैयार किये गये उत्पाद निर्यात भी किये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिये कि माईन कार्प के प्रस्ताव पर तेजी से कार्रवाई की जाय तथा सिंगल डोर पॉलिसी में पारदर्शी प्रक्रिया से स्वीकृतियाँ दी जाये।