छत्तीसगढ़ सरकार ने उन छह दवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है जिन्हें बिलासपुर जिले में पेंडारी स्वास्थ्य शिविर में नसबंदी के दौरान इस्तेमाल किया गया था। नसबंदी ऑपरेशन में हुई खामियों के कारण अबतक 13 महिलाओं की मौत हो गई है।
पचास से अधिक महिलाओं को बिलासपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है, जिनमें सात महिलाओं की हालत गंभीर है। छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर जिले के पेंडारी गांव में बीते शनिवार को लगे नसबंदी शिविर में महिलाओं के ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल की गई छह विभिन्न दवाइयों की प्रदेश के मेडिकल स्टोर से बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। विलासपुर के औषधी निरीक्षक ने इन दवाओं के नमूने ले लिए हैं और इन नमूनों को जांच के लिए कोलकाता स्थित केंद्रीय औषधी परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। राज्य के नियंत्रक खाद्य और औषधी प्रशासन ने बैच नम्बर और निर्माताओं के नाम सहित इन दवाइयों की सूची जारी कर दी है।