प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के व्यवसायियों को भारत की स्मार्ट शहर योजना में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती शहरी आबादी की जरूरतें पूरी करने के लिये स्मार्ट शहरों का विकास देश
की महत्वाकांक्षी योजना है। आज सुबह क्वींसलैंड के प्रीमियर के साथ चाय-नाश्ते पर आयोजित बैठक के दौरान व्यापारी समुदाय से श्री मोदी ने कहा कि देश में विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नए अभियान ‘मेक इन इंडिया’ की शुरूआत की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा, खनिज संसाधनों, कृषि, शिक्षा, कौशल विकास और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की विकास गतिविधियों में क्वींसलैंड एक महत्वपूर्ण भागीदार की भूमिका निभा सकता है। श्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का संबंध व्यापक है। ये संबंध आर्थिक सहयोग, सुरक्षा और सामरिक भागीदारी तथा अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर बढ़ते पारस्परिक सहयोग से जुड़े हैं जो शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण हैं।