केन्द्र ने मनरेगा की 543 करोड़ की किस्त जारी की

केन्द्र सरकार ने आज महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की 543 करोड़ रूपये की किस्त जारी की। साथ ही राज्य की मौजूदा कृषि आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य को दिसम्बर माह में प्रतिदिन 24 हजार मीट्रिक टन यूरिया

भेजने का फैसला किया। राज्य के व्यापक हित में यह निर्णय मुख्यम़ंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के आज दिल्ली प्रवास के दौरान लिया गया। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली, ग्रामीण विकास मंत्री चौधरी बीरेन्द्र सिंह, उर्वरक एवं रसायन मंत्री श्री अनन्त कुमार तथा रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु से पृथक-पृथक मुलाकात की। मध्यप्रदेश के उन्नतशील कृषि परिदृश्य का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री अनन्त कुमार को राज्य की यूरिया खाद की महती आवश्यकता को तर्कपूर्ण ढंग से उजागर किया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश ने विगत चार वर्ष में कृषि उत्पादन को लगभग दुगुना कर लिया है। गत वर्ष ही कृषि उत्पादन में 24.9 प्रतिशत की वृद्धि अंकित की गई है। मध्यप्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आर.के. स्वांई, आवासीय आयुक्त आर.के. चतुर्वेदी तथा मुख्यमंत्री के सचिव श्री विवेक अग्रवाल भी इस अवसर पर उनके साथ थे। बैठक में बीना रिफाइनरी के विस्तार तथा मण्डीदीप में स्थापित होने वाले प्लास्टिक पार्क का शिलान्यास जनवरी के प्रथम सप्ताह में करने पर सहमति व्यक्त की गई। केन्द्रीय मंत्री के साथ नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ फार्मा एजुकेशन एवं रिसर्च (नाइपर) तथा सीपेट व राज्य में वृहद फार्मा पार्क तथा स्पेशयलिटी केमिकल्स उद्योग संबंधी संरचनाओं की स्थापना पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *