मध्यप्रदेश में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में होगा। समारोह में लोक सभा निर्वाचन-2014 में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले-66 अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत किया जायेगा।
सुबह 11 बजे होने वाले समारोह में अन्य अतिथियों के अलावा मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा और राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर.परशुराम भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पुरस्कृत होने वालों में 10 जिला कलेक्टर, 4-4 सीईओ एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 5 पार्टनर विभाग के अधिकारी, स्वीप के 3 नोडल अधिकारी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के 7 अधिकारी-कर्मचारी, 15 बूथ लेवल ऑफिसर, 3-3 निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं आँगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न प्रतियोगिता में विजयी स्कूल-कॉलेज के 12 विद्यार्थी शामिल हैं। समारोह में नये मतदाताओं को पहचान-पत्र दिये जायेंगे। मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई जायेगी। आयोजन स्थल पर मतदाताओं की जागरूकता के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। प्रदर्शनी में मतदाता के अधिकार और जागरूकता पर आधारित पोस्टर आदि का प्रदर्शन होगा।